रुद्रपुर कलेक्ट्रेट पर आंगनबाड़ी वर्करों का घेराव, गेट बंद होने पर धरना

Share the news

रुद्रपुर में आज आंगनबाड़ी वर्करों ने राज्य कर्मचारी का दर्जा और नियमित वेतनमान लागू करने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर का घेराव किया। उधम सिंह नगर जिले के विभिन्न ब्लॉकों से सैकड़ों की संख्या में पहुंचीं महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पहले ही कलेक्ट्रेट का मुख्य गेट बंद कर दिया और कार्यकर्ताओं को अंदर जाने से रोक दिया। गेट बंद किए जाने से नाराज आंगनबाड़ी वर्करों ने वहीं मुख्य द्वार के सामने धरना शुरू कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि वे लंबे समय से राज्य कर्मचारी का दर्जा, नियमित वेतनमान और सेवा शर्तों में सुधार की मांग कर रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। आंगनबाड़ी वर्कर पुषविंदर कौर ने कहा कि वे पोषण अभियान, टीकाकरण, सर्वेक्षण और अन्य सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने में अहम भूमिका निभाती हैं। इसके बावजूद उन्हें बेहद कम मानदेय मिलता है, जो बढ़ती महंगाई के दौर में पर्याप्त नहीं है।

वर्करों ने आरोप लगाया कि उनके काम का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन वेतन और सुविधाओं में समानुपातिक वृद्धि नहीं हो रही। कई बार निर्धारित समय से अधिक काम और छुट्टियों में भी ड्यूटी करनी पड़ती है, जिसका अतिरिक्त भुगतान नहीं मिलता।

प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। बाद में आंगनबाड़ी वर्करों के प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट को ज्ञापन सौंपा। प्रशासन ने ज्ञापन पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द लिखित और ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *