
खटीमा। रात के समय ड्यूटी से लौट रहे एक सिडकुल कर्मी की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने परिवार में कोहराम मचाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है।





पुलिस के अनुसार, विश्वनाथ प्रताप (35) पुत्र सुदामा प्रताप, निवासी मोहम्मदपुर भुड़िया, सितारगंज स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। बृहस्पतिवार की देर शाम वह अपनी ड्यूटी से घर लौट रहा था, तभी नानकमत्ता के पास दियूड़ी मोड़ पर अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
इस दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद उसे सितारगंज उप जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को खटीमा में शव का पोस्टमार्टम किया गया।
परिजनों ने बताया कि विश्वनाथ पांच भाईयों में तीसरे नंबर पर था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।