देहरादून।
राजधानी देहरादून में त्रिपुरा के एक छात्र की इलाज के दौरान मौत के बाद सनसनी फैल गई है। 9 दिसंबर की रात हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल हुए एंजेल चकमा की शुक्रवार 26 दिसंबर की सुबह निजी अस्पताल ग्राफिक एरा में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या की धाराओं में तब्दील कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 9 दिसंबर की रात त्रिपुरा निवासी एंजेल चकमा अपने छोटे भाई माइकल चकमा के साथ सेलाकुई मार्केट गया था। इसी दौरान कुछ स्थानीय युवकों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद युवकों ने एंजेल चकमा पर धारदार हथियार और रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे ग्राफिक एरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 17 दिन तक चले इलाज के बाद शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।
इस मामले में माइकल चकमा पुत्र तरुण प्रसाद, निवासी नंदा नगर गैस गोदाम त्रिपुरा ने 9 दिसंबर को थाना सेलाकुई में तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 118, 351(3), 61(2) और 109 में मुकदमा दर्ज किया था। छात्र की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की धाराएं जोड़ दी गई हैं।
देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस ने मुखबिरों की सूचना पर 14 दिसंबर को पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि एक नाबालिग आरोपी घटना के बाद से फरार है, जिसके नेपाल भागने की सूचना है। फरार नाबालिग की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सेलाकुई क्षेत्र में शराब की दुकान पर शराब खरीदने के दौरान त्रिपुरा के छात्र से कहासुनी हुई थी, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर उन्होंने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने बताया कि मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और फरार नाबालिग की तलाश लगातार की जा रही है। वहीं एसपी देहात पंकज गैरोला ने कहा कि छात्र की मौत के बाद केस को हत्या की धाराओं में परिवर्तित कर दिया गया है।
मृतक एंजेल चकमा उत्तराखंड की जिज्ञासा यूनिवर्सिटी में एमबीए फाइनल ईयर का छात्र था और देहरादून में अपने छोटे भाई माइकल चकमा के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि विश्वविद्यालय और छात्र समुदाय में भी शोक की लहर है।
गिरफ्तार आरोपी:
अविनाश नेगी (25), निवासी शंकरपुर, थाना सहसपुर
शौर्य राजपूत (18), निवासी धूलकोट, थाना प्रेमनगर
सूरज खवास (18), मूल निवासी मणिपुर, हाल निवासी नयागांव पेलियो, थाना पटेल नगर
सुमित (25), निवासी तिलवाड़ी, देहरादून
आयुष बडोनी (18), निवासी बाय खाल, सेलाकुई
पुलिस फरार नाबालिग आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।




