काशीपुर के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला विजय नगर में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिली कि बुजुर्ग के शव को घर के अंदर ही सुपुर्द-ए-खाक करने की तैयारी की जा रही है। इस जानकारी से पुलिस और प्रशासन में खलबली मच गई।
एसडीएम अभय प्रताप सिंह को किसी व्यक्ति ने फोन पर सूचना दी कि विजय नगर नई बस्ती में एक परिवार अपने घर में ही बुजुर्ग के शव को दफनाने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही तहसीलदार पंकज चंदोला और कोतवाली प्रभारी हरेंद्र चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचने पर अधिकारियों ने देखा कि परिजनों ने घर के अंदर ही कब्र खोद ली थी और उसे पक्का करने के लिए ईंट, रेता और सीमेंट भी मंगवा लिया गया था। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि कारी अबरार नूरी (72) पुत्र सखावत हुसैन का बीते रविवार की रात इंतकाल हो गया था। बताया गया कि बुधवार से उनकी तबीयत खराब चल रही थी और इसी के चलते उनका निधन हुआ।
परिजनों ने अधिकारियों को बताया कि वे शव को घर में ही सुपुर्द-ए-खाक करने की तैयारी कर रहे हैं। इस पर तहसीलदार और कोतवाली प्रभारी ने परिजनों और मोहल्लेवासियों को समझाया कि इस तरह की कोई नई परंपरा उचित नहीं है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शव को दफनाने के लिए कब्रिस्तान निर्धारित होते हैं और घर के अंदर शव को दफनाना नियमों के विरुद्ध है।
अधिकारियों ने यह भी कहा कि मोहल्ले में अन्य परिवार और बच्चे रहते हैं, ऐसे में इसका गलत प्रभाव पड़ सकता है। प्रशासन और पुलिस की बातों को सुनने के बाद परिजन और स्थानीय लोग सहमत हो गए और शव को कब्रिस्तान में ही सुपुर्द-ए-खाक करने पर राजी हो गए।
एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि उन्हें दोपहर में फोन के माध्यम से सूचना मिली थी। इसके बाद तत्काल तहसीलदार और पुलिस को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि परिजनों ने प्रशासन की बात मान ली है और अब शव को विधि-विधान से कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जा रहा है।



