रुद्रपुर में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत, घर में फंदे से लटका मिला शव, अस्पताल में शव को लेकर परिजन और पीआरडी जवानों के बीच जमकर नोकझोंक, पुलिस जांच में जुटी

Share the news

रुद्रपुर में युवती की संदिग्ध मौत, अस्पताल में शव को लेकर हंगामा

रुद्रपुर। शहर के कोतवाली क्षेत्र के महेशपुर में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। युवती घर के कमरे में फंदे से लटकी मिली। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार दोपहर के समय युवती घर के एक कमरे में फंदे से लटकी हुई मिली। जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और आसपास के लोगों की मदद से उसे नीचे उतारा गया और आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया और अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को भेज दी।

बताया जा रहा है कि अस्पताल में तैनात पीआरडी जवानों ने शव को अस्थायी मोर्चरी में रखवा दिया था। इसी बीच पुलिस के अस्पताल पहुंचने से पहले ही परिजन शव को अस्पताल से घर ले जाने लगे। पीआरडी जवानों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसके बावजूद परिजन शव को घर ले जाने में सफल हो गए।

बाद में सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर महेशपुर स्थित घर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राथमिक तौर पर बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर मां ने युवती को डांट दिया था, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *