रुद्रपुर। शहर के रंपुरा क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ के आरोप का मामला सामने आने के बाद शनिवार को चाइल्ड हेल्पलाइन और बाल कल्याण समिति की टीम पीड़िता के घर पहुंची। टीम ने किशोरी और उसके परिजनों से बातचीत कर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई और काउंसलिंग रिपोर्ट तैयार की। इसके बाद अधिकारियों से मुलाकात कर मामले में तहरीर के आधार पर उचित कार्रवाई की मांग की गई।
जानकारी के अनुसार रंपुरा वार्ड-23 निवासी एक नाबालिग किशोरी ने आरोप लगाया है कि चार मार्च को होली के दिन वार्ड के एक भाजपा पार्षद के बेटे ने अपने कुछ साथियों के साथ घर में घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ की। किशोरी के अनुसार विरोध करने पर आरोपितों ने उसके साथ हाथापाई की और परिवार के सदस्यों के साथ भी मारपीट की। पीड़िता का यह भी आरोप है कि घटना के दौरान उसे जबरन ले जाने का प्रयास किया गया। घटना के बाद किशोरी अपने परिजनों के साथ जिला अस्पताल पहुंची, जहां उसका उपचार कराया गया।
परिजनों का कहना है कि उन्होंने घटना के संबंध में कोतवाली में तहरीर दी है, लेकिन अब तक आरोपितों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। मामला सामने आने के बाद शनिवार सुबह चाइल्ड हेल्पलाइन की काउंसलर स्मिता, सदस्य रमा और बाल कल्याण समिति की सदस्य चंद्रकला राय पीड़िता के घर पहुंचीं। टीम ने किशोरी से बातचीत कर घटना से जुड़ी जानकारी ली और उसकी काउंसलिंग की।
इसके बाद टीम एसएसपी कार्यालय पहुंची और अधिकारियों से मुलाकात कर मामले में निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग उठाई। टीम के सदस्यों ने बताया कि पीड़िता के बयान और घटना से जुड़ी जानकारी को रिपोर्ट में शामिल किया गया है, जिसे संबंधित अधिकारियों को सौंपा जाएगा, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
वहीं कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा ने भी मामले में आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कोतवाली पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और कहा कि महिलाओं व बच्चियों से जुड़े मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। कोतवाल ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।



