रुद्रपुर। थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के फुल्सुंगा वार्ड नंबर 1 में एक महिला दुकानदार ने पड़ोस में रहने वाले दो लोगों पर छेड़छाड़, जातिसूचक शब्दों के प्रयोग और धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 अक्तूबर की रात करीब आठ बजे एक व्यक्ति नशे की हालत में उसकी किराने की दुकान पर आया और सिगरेट मांगने के बहाने उसका हाथ पकड़कर जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी जमीन पर गिर गया, जिसके बाद उसने गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। कुछ देर बाद वही व्यक्ति अपने साथियों के साथ मोहल्ले में हंगामा करने लगा और एक व्यक्ति की कार में तोड़फोड़ कर दी।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी पूर्व में भी नशे की हालत में झगड़ा और गालीगलौज करते रहे हैं, लेकिन हर बार अपनी राजनीतिक पहुंच के चलते कार्रवाई से बच जाते हैं। महिला ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 व अन्य धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


