खटीमा। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद अंतर्गत खटीमा तहसील में प्रशासन की कथित मनमानी का गंभीर मामला सामने आया है। खटीमा विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर लगभग 125 एकड़ कृषि भूमि पर खड़ी फसलों को जबरन नष्ट किए जाने का आरोप लगाया है और न्याय व कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में विधायक ने बताया कि प्रशासन की प्रत्यक्ष मौजूदगी में बगैर किसी वैधानिक आदेश के करीब 30 से अधिक ट्रैक्टरों के माध्यम से किसानों की भूमि को जोत दिया गया। इस जमीन पर गन्ना, मटर, लाई और गेहूं जैसी फसलें खड़ी थीं, जिन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। आरोप है कि यह कार्रवाई बिना किसी न्यायालयी आदेश के की गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
विधायक कापड़ी के अनुसार, यह भूमि पिछले करीब 60 वर्षों से खेती के उपयोग में रही है और इससे सैकड़ों लोगों को रोजगार मिलता रहा है। उन्होंने इसे कानून व्यवस्था, किसान हितों और शहीद परिवारों के सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय बताया है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना मुख्यमंत्री आवास से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित ग्रामसभा क्षेत्र में हुई, लेकिन एक सप्ताह बीतने के बावजूद दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।
विधायक ने गृह मंत्री से हस्तक्षेप कर किसानों को न्याय दिलाने और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।




