शक्तिफार्म में समाजसेवी रामचन्द्र राय पर जानलेवा हमले का आरोप, इलाके में दहशत

Share the news

शक्तिफार्म/सितारगंज। बंगाली कल्याण समिति शक्तिफार्म के नगर अध्यक्ष एवं समाजसेवी रामचन्द्र राय पर जानलेवा हमले का आरोप सामने आया है। आरोप है कि मंगलवार 6 जनवरी 2026 की शाम रामचन्द्र राय अपने घर से पड़ागांव की ओर टहलने निकले थे, इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें घेर लिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पिस्टल से गोली मारने का प्रयास किया, लेकिन हथियार से गोली नहीं चल सकी। इसके बाद आरोप के अनुसार दोनों आरोपियों ने रामचन्द्र राय के साथ हाथापाई की और लात-घूंसों से मारपीट की।

 

आरोप है कि हमले के दौरान रामचन्द्र राय ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग जुटने लगे। खुद को घिरता देख दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना में रामचन्द्र राय को चोटें आने की बात कही जा रही है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि रामचन्द्र राय एक सामाजिक व्यक्ति हैं और भागवत गीता के कथावाचक भी हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है। लोगों का आरोप है कि इस तरह की वारदात से समाजसेवियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *