कार्रवाई न होने का आरोप: मारपीट मामले में पीड़िता विधायक समर्थकों संग चौकी पहुंची, पुलिस पर उठे सवाल

Share the news

रुद्रपुर। सुभाष कॉलोनी निवासी उर्मिला देवी ने आदर्श कॉलोनी चौकी में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि एक जनवरी को पड़ोस में रहने वाले विशेष समुदाय के कुछ लोग एकराय होकर उनके घर पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। उर्मिला देवी का आरोप है कि आरोपियों ने उनके सिर पर ईंट से वार किया, जिससे वह लहूलुहान हो गईं। वहीं बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बेटी पर भी डंडों से हमला किया गया, जिससे उसका हाथ टूट गया।

पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद चौकी में तहरीर देने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आरोपियों के हौसले बढ़े हुए हैं। इसी को लेकर सोमवार शाम उर्मिला देवी विधायक समर्थकों के साथ आदर्श कॉलोनी चौकी पहुंचीं और पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। इस दौरान उन्होंने मौके पर ही कोतवाल मनोज रतूड़ी को बुलाने की मांग की।

विधायक समर्थकों ने आरोप लगाया कि गंभीर मामला होने के बावजूद पुलिस ने अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया, जबकि मां-बेटी की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए जाएंगे।

वहीं कोतवाल मनोज रतूड़ी ने आश्वासन दिया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर जल्द ही मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *