इंद्रा कॉलोनी निवासी मीना बिष्ट ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और छोड़कर चले जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए महिला हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है। मीना का विवाह वर्ष 2020 में सुरेंद्र सिंह बिष्ट (निवासी मेहत गांव, चौखुटिया, अल्मोड़ा) से हुआ था। विवाह के बाद से ही सास मुन्नी बिष्ट और ननद तारा रावत पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, पति को भड़काने और दूसरी शादी के लिए दबाव बनाने का आरोप है।
पीड़िता के अनुसार, पति सितारगंज बोट प्लांट में नौकरी करते थे, लेकिन ससुराल पक्ष की शिकायतों के चलते उनकी नौकरी छूट गई। मीना ने बताया कि वह कुछ समय पति के साथ हल्द्वानी रही, लेकिन बाद में पति उसे गर्भावस्था के दौरान छोड़कर चले गए और अब फोन पर भी संपर्क नहीं करते। डेढ़ साल के बेटे की परवरिश और अपने भरण-पोषण के लिए उसके पास कोई साधन नहीं है।
महिला का कहना है कि वह पति के साथ रहना चाहती है, लेकिन ससुराल में जान-माल का खतरा है। उसने पुलिस से न्याय और सुरक्षा की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।