काशीपुर। शहर के 132 केवी सब स्टेशन में तैनात अपर अभियंता जाकिर हुसैन के साथ साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। अभियंता का मोबाइल चोरी होने के बाद अज्ञात ठगों ने उनके बैंक खाते से करीब चार लाख रुपये उड़ा लिए।
जानकारी के अनुसार, जाकिर हुसैन निवासी विद्युत विभाग, काशीपुर ने बताया कि उनका OnePlus Nord 5G मोबाइल 7 अक्टूबर की शाम चोरी हो गया था। उन्होंने अगले दिन आईटीआई थाने में शिकायत दर्ज कराई और सिम बंद करा नया सिम सक्रिय किया। इसके बाद जब उन्होंने अपने खाते की जांच की तो पता चला कि 8 से 13 अक्टूबर के बीच उनके खाते से लगातार विभिन्न UPI आईडी पर करीब चार लाख रुपये ट्रांसफर किए गए हैं।
पीड़ित ने शक जताया है कि यह काम किसी जानकार व्यक्ति का हो सकता है जिसने चोरी किए मोबाइल से बैंक ऐप्स का दुरुपयोग किया। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर धन वापसी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।




