रुद्रपुर में घरेलू गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और रिफिलिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। नितिन सिंह भदौरिया, जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर ने जिला सभागार में ईंधन गैस से संबंधित बैठक लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और लोगों को किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन गैस बुकिंग करने पर निर्धारित समय के भीतर उपभोक्ताओं को घर-घर गैस सिलेंडर की डिलीवरी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 40 गैस डिलीवरी केंद्र संचालित हैं, जहां से वाहनों के माध्यम से उपभोक्ताओं के घर तक गैस पहुंचाई जाती है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे गैस बुकिंग अनिवार्य रूप से ऑनलाइन करें और ‘पहले आओ, पहले पाओ’ की व्यवस्था के तहत गैस की डिलीवरी प्राप्त करें। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि गैस गोदामों और वितरण केंद्रों पर लाइन लगाने की कोई आवश्यकता नहीं है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि गैस वितरण व्यवस्था पर निगरानी के लिए सभी उपजिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही गैस गोदामों और वितरण केंद्रों पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमों के साथ क्यूआरटी टीमों को भी तैनात किया गया है।
इस दौरान अजय गणपति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में गैस गोदामों और वितरण केंद्रों पर पुलिस तैनात कर दी गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यदि कहीं गैस की कालाबाजारी की सूचना मिलती है तो तुरंत पुलिस या कंट्रोल रूम को सूचना दें।
जिलाधिकारी ने बताया कि शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला आपदा कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से लगातार निगरानी की जा रही है। बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।



