गृह मंत्री अमित शाह के दौरे की तैयारियों में जुटा प्रशासन, सचिव उद्योग ने लिया स्थलीय जायजा

Share the news

रुद्रपुर, संवाददाता।

गृह मंत्री अमित शाह के 19 जुलाई को प्रस्तावित रुद्रपुर दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सोमवार को सचिव उद्योग एवं गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने कार्यक्रम स्थल मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम और पुलिस लाइन का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

यह दौरा वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट की तीसरी ग्राउंडिंग सेरेमनी के तहत हो रहा है, जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस समिट के दौरान राज्य सरकार ने विभिन्न उद्योगों के साथ 3.75 लाख करोड़ रुपये के एमओयू साइन किए थे, जिनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश अब तक धरातल पर उतर चुका है.

ग्राउंडिंग सेरेमनी में 20 से 25 उद्योग अपने-अपने स्टॉल लगाकर निवेश की प्रगति की जानकारी देंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए सचिव उद्योग ने रूट प्लान, मंच, सभागार और स्टॉल की तैयारियों का गहन निरीक्षण किया।

पुलिस लाइन में बनाए जा रहे हेलीपैड का भी उन्होंने स्थलीय निरीक्षण किया और सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली।

इस निरीक्षण के दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी नितिन भदौरिया, और एसएसपी मणिकांत मिश्रा भी मौजूद रहे। सचिव उद्योग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की व्यवस्थाएं हर स्तर पर सुनियोजित और समयबद्ध हों, ताकि वीवीआईपी दौरे में कोई चूक न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *