रुद्रपुर में बिजली चोरी पर कार्रवाई, कांग्रेस नेता सुमित राय पर दर्ज हुई प्राथमिकी

Share the news

रुद्रपुर।

ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने बिजली चोरी के मामले में एक कांग्रेस नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई ऊर्जा निगम की टीम और देहरादून सेक्टर की विजिलेंस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के बाद की गई है।

जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार को ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाया गया था। इस दौरान तीन दर्जन से अधिक लोगों को अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा गया। ऊर्जा निगम की ओर से 16 लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई थी।

पुलिस ने सोमवार देर रात कांग्रेस नेता और पार्षद का चुनाव हार चुके सुमित राय के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि सुमित राय अवैध बिजली कनेक्शन के जरिए स्कूल का निर्माण कार्य करा रहे थे।

थानाध्यक्ष मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि मामले में सुमित राय सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और विवेचना की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले पुलिस भाजपा के एक मंडल अध्यक्ष के खिलाफ भी बिजली चोरी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर चुकी है। पुलिस और ऊर्जा निगम का कहना है कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी को भी कानून से ऊपर नहीं रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *