घर लौटते समय हादसा, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम

Share the news

सितारगंज।

बीएससी अंतिम वर्ष के एक छात्र की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सायं ग्राम नौली, बहेड़ी (उत्तर प्रदेश) निवासी अभिषेक कुमार (20) पुत्र अगेंद्र पाल अपनी बड़ी बहन के गांव सिसैया से सितारगंज स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान किच्छा हाईवे पर कठंगरी मोड़ के पास एक तेज रफ्तार कैंटर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अभिषेक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से उसे उप जिला अस्पताल सितारगंज में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बताया कि अभिषेक बरेली के एक महाविद्यालय से बीएससी अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी एक बड़ी बहन है, जिसकी शादी गांव सिसैया में हुई है। मृतक के पिता खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। शनिवार सुबह पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेजा जाएगा। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *