रुद्रपुर में युवक पर जानलेवा हमला, महिला से छेड़छाड़ के विरोध पर पथराव का आरोप, दो भाई गंभीर घायल, पीड़ित ने पुलिस से लगाई कार्रवाई की गुहार

Share the news

रम्पुरा क्षेत्र में एक युवक और उसके परिजनों पर हुए कथित जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मोहल्ले के कुछ युवकों ने पहले महिला के साथ अभद्रता की और विरोध करने पर पूरे परिवार को निशाना बनाया।

पीड़ित युवक के अनुसार, 17 जनवरी को उसकी बहन किराने का सामान लेने जा रही थी, तभी रास्ते में कुछ युवकों ने उसके साथ बदतमीजी की। किसी तरह जान बचाकर महिला घर पहुंची। आरोप है कि जब इस घटना की शिकायत करने पीड़ित युवक गया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद 22 जनवरी की रात करीब साढ़े नौ बजे पीड़ित के घर पर कथित तौर पर ईंटों और शराब की बोतलों से पथराव किया गया। आरोप है कि इस हमले में कई लोग शामिल थे, जिनमें कुछ अज्ञात भी थे। पथराव के दौरान पीड़ित युवक और उसके छोटे भाई के सिर में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित युवक के सिर की हड्डी टूटने का आरोप है, जबकि छोटे भाई के सिर में सात टांके आए हैं।

घायल युवक को गौतम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्हें आरोपियों से जान-माल का खतरा बना हुआ है।

मामले में पीड़ित की ओर से चौकी पुलिस को तहरीर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *