उड़ीसा से लालपुर महिंद्रा फैक्ट्री में इंटर्नशिप करने आई युवती की हत्या, दो हिरासत में, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका, परिवार के साथ मिलजुलकर रहती थी युवती

Share the news

उड़ीसा से लालपुर स्थित महिंद्रा एंड महिंद्रा फैक्ट्री में इंटर्नशिप करने आई 23 वर्षीय युवती सृष्टि शर्मा की हत्या की गुत्थी सुलझने लगी है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया है, जो मृतका के मकान मालिक के बेटे बताए जा रहे हैं। पुलिस को घर के सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर हत्या की पुष्टि हुई है।

 

मामले में मृतका के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। नोएडा निवासी अमृत कुमार पुत्र संजय कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बुआ की बेटी सृष्टि शर्मा, पुत्री रवि शंकर शर्मा, उड़ीसा की रहने वाली थी और वर्तमान में लालपुर में कामेश्वर सिंह के मकान में किराए पर रह रही थी। वह लालपुर की महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी में इंटर्नशिप कर रही थी। परिजनों के अनुसार 4 नवंबर की दोपहर करीब 2:30 बजे सृष्टि रोज की तरह कंपनी से काम खत्म कर अपने कमरे पर लौटी थी। इसके बाद से उसका कोई अता-पता नहीं चला।

 

परिजनों ने बताया कि जब आसपास की तलाश की गई तो सामने के घर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। फुटेज में सृष्टि अपने कमरे के अंदर जाती तो दिख रही है, लेकिन उसके बाद बाहर नहीं निकलती। वहीं मकान मालिक कामेश्वर सिंह के बेटे अमित सिंह और सुमित सिंह देर रात कई बार घर के अंदर-बाहर जाते दिखाई दिए। इसी बीच रात करीब 12 बजे फुटेज में दो युवक बाइक पर कुछ ढका हुआ सामान लेकर जाते दिखे, जिससे शक और गहराता गया।

 

परिजनों ने आशंका जताई कि सृष्टि की हत्या कर उसके शव को ठिकाने लगा दिया गया। पुलिस ने जब मौके पर जांच की तो कई संदिग्ध सबूत मिले, जिनसे हत्या की पुष्टि होती है। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों भाइयों अमित और सुमित को हिरासत में लिया है।

 

किच्छा कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया है। कमरे से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और शव की तलाश के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित की है। वहीं, घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग भी घटना की सच्चाई सामने आने की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *