जन्मदिन की पार्टी के बहाने युवक की गोली मारकर हत्या

Share the news

काशीपुर। ऊधमसिंह नगर जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ग्राम रम्पुरा शांति नगर निवासी जसवीर सिंह उर्फ टोनी (42) की रविवार रात अज्ञात युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को पुराने विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।

 

जानकारी के मुताबिक, जसवीर सिंह पेपर मिल में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। रविवार रात करीब दस बजे वह ड्यूटी से घर लौटा ही था कि करीब साढ़े दस बजे एक युवक बाइक से आया और जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर उसे कुमाऊं कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के पास यूकेलिप्टिस के बाग में ले गया। वहां पहले से मौजूद 3-4 युवकों के साथ कहासुनी हुई और इसी दौरान टोनी के माथे पर गोली मार दी गई।

 

गोली की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग बाग की ओर दौड़े। गणेशोत्सव में शामिल एक युवक ने गंभीर हालत में पड़े टोनी को पहचान कर बाइक से सरकारी अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख उसे रेफर कर दिया गया। पिता कुलदीप सिंह टोनी को मुरादाबाद लेकर जा रहे थे कि उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।

 

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीओ काशीपुर दीपक सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

 

इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का राजफाश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *