मलेशिया में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से डेढ़ लाख की ठगी, रकम मांगने पर मिली जान से मारने की धमकी

Share the news

काशीपुर। बेरोजगारी का फायदा उठाते हुए एक युवक से मलेशिया में नौकरी दिलाने का झांसा देकर डेढ़ लाख रुपये की ठगी कर ली गई। रकम वापस मांगने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी गई। सात माह तक चक्कर काटने के बाद आखिरकार पुलिस ने अब मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

मोहल्ला अल्ली खां निवासी जुनैद पुत्र जाहिद हुसैन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में कहा कि वह रोजगार की तलाश में था। इसी दौरान फरवरी 2024 में उसकी मुलाकात मोहल्ला राघूवाला, जसपुर निवासी मोहम्मद अली पुत्र अब्दुल लतीफ से हुई। मोहम्मद अली ने बेरोजगारों को मलेशिया में नौकरी दिलाने का दावा किया और 40 हजार रुपये मासिक वेतन का लालच दिया।

 

उसने कुल खर्चा करीब डेढ़ लाख रुपये बताया। भरोसा कर पीड़ित ने परिवार के बैंक खातों से 89,790 रुपये ऑनलाइन और पेटीएम के माध्यम से, जबकि 60,210 रुपये ऑनलाइन पे के जरिए आरोपित के बताए खातों में जमा कर दिए। इसके बाद आरोपी ने एयर टिकट, इमीग्रेशन कार्ड और अन्य कागजात देकर 16 फरवरी को दिल्ली एयरपोर्ट बुलाया, लेकिन वहां वह नहीं पहुंचा। फोन पर झांसा देकर तारीख 18 फरवरी बताई, पर उस दिन भी उसने कॉल नहीं उठाई।

 

संदेह होने पर पीड़ित ने दस्तावेजों की जांच दिल्ली एयरपोर्ट अधिकारियों से कराई तो पता चला कि टिकट और इमीग्रेशन कार्ड फर्जी हैं। रकम वापस मांगने पर आरोपित ने धमकी दी कि पैसे नहीं देगा और उल्टा जान से मारने की धमकी दी।

 

काफी प्रयासों के बाद आखिर पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *