युवक को बहाने से बुलाकर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, सिर फोड़ा; पुलिस ने छुड़ाया, पांच आरोपियों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

Share the news

आईटीआई कोतवाली क्षेत्र में युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, पांच पर मुकदमा

आईटीआई कोतवाली क्षेत्र में युवक को बहाने से बुलाकर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लहूलुहान हालत में युवक को आरोपितों के चंगुल से मुक्त कराया। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।

मूल रूप से मुरादाबाद निवासी साहिबे आलम ग्राम परमानंदपुर में रहकर ड्राइविंग का कार्य करता है। घटना 23 फरवरी की शाम करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि अयान नामक युवक ने ट्रैक्टर चलाने के बहाने उसे फोन कर सड़क पर बुलाया। वहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपितों ने उसे घेर लिया और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू कर दी।

बताया गया कि आरोपित उसे जबरन अपने घर ले गए, जहां बंधक बनाकर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया। हमले में उसका सिर फट गया और वह बेहोश हो गया। परिजनों द्वारा छुड़ाने का प्रयास करने पर भी आरोपितों ने इनकार कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को बरामद कर अस्पताल पहुंचाया।

प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी के अनुसार, तहरीर के आधार पर पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *