शिवनगर में युवक की बेरहमी से पिटाई, हथौड़ा और रॉड से किया हमला — पिता को भी पीटा

Share the news

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शिवनगर वार्ड नंबर 8 में रविवार रात एक युवक पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावरों ने बीच-बचाव करने पहुंचे पिता को भी नहीं छोड़ा और उन्हें बुरी तरह पीटा। घायल पिता-पुत्र दोनों का जिला अस्पताल रुद्रपुर में इलाज चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवनगर निवासी अजय मजूमदार का पुत्र 26 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे शिव मंदिर के पास अपनी खड़ी पिकअप देखने गया था। उसी दौरान वहां कुछ लोग आपस में झगड़ा कर रहे थे और हेमंत नामक व्यक्ति को पीट रहे थे। जब अजय के पुत्र ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी रोहित सरकार, पप्पू (दोनों निवासी शिवनगर), अमन (निवासी प्रीत विहार) और राहुल (निवासी सामिया कॉलोनी) ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। बताया गया कि रोहित के हाथ में हथौड़ा और राहुल के हाथ में लोहे की रॉड थी, जिससे उन्होंने युवक के सिर पर वार कर उसे लहूलुहान कर दिया।

 

शोर सुनकर जब अजय मजूमदार मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे उन्हें नाक और मुंह पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल घायल युवक जिला अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *