होली पर मामूली विवाद के बाद फायरिंग, युवकों की गोलीबारी से मचा हड़कंप
रुद्रपुर। होली के दिन इंदिरा कॉलोनी में मामूली बात पर युवकों द्वारा की गई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। बाइक सवार चार युवकों ने एक युवक पर तमंचे से दो राउंड फायर कर दिए। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी और युवक बाल-बाल बच गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार इंदिरा कॉलोनी गली नंबर छह निवासी अंश पुत्र धर्मेंद्र कुमार होली के दिन अपने घर की छत पर खड़ा होकर रंग और पानी से होली खेल रहा था। उसी दौरान गली से बाइक पर सवार चार युवक गुजर रहे थे। बताया जा रहा है कि अंश ने छत से उन पर पानी फेंक दिया। इस बात से नाराज होकर युवक कुछ दूरी पर जाने के बाद वापस लौट आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वापस आने के बाद बाइक पर सवार युवकों में से एक नीचे उतरा और छत पर खड़े अंश की ओर तमंचा तानकर दो राउंड फायर कर दिए। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। उस समय अंश की मां ममता देवी समेत कई महिलाएं घरों के बाहर सड़क पर मौजूद थीं। गोली चलने की आवाज सुनकर सभी घबरा गए।
फायरिंग करने के बाद चारों युवक बाइक से तेजी से मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, जिसमें बाइक सवार युवक दिखाई दिए हैं।
कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




