रुद्रपुर, संवाददाता
रुद्रपुर के ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को युवक द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित मां ने थाना ट्रांजिट कैम्प में तहरीर देकर युवक और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थिनी शांति, निवासी वार्ड नं-10 ठाकुरनगर, ट्रांजिट कैम्प रुद्रपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 13 वर्षीय पुत्री अतिथि (जन्मतिथि 07 जनवरी 2011), नव प्रभात विद्या मंदिर जूनियर हाई स्कूल भदईपुरा में कक्षा-8 की छात्रा है। वह प्रतिदिन घर से स्कूल जाती थी। 3 नवंबर की शाम लगभग 6 बजे अतिथि अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों ने आसपास व रिश्तेदारों में काफी खोजबीन की, जिसके बाद जानकारी मिली कि वार्ड नं-19 खेड़ा निवासी आकाश पुत्र जोगो उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
परिजनों ने जब आकाश के घर जाकर पूछताछ की तो उसके परिवारजन—मां, पिता जोगो और नानी—ने बताया कि आकाश एक लड़की को घर लाया था, जिसका नाम अतिथि बताया गया। उन्होंने प्रार्थिनी द्वारा दिखाए गए फोटो को पहचानते हुए स्वीकार किया कि वही लड़की उनके घर आई थी। फोन पर आकाश ने खुद प्रार्थिनी से बात कर बताया कि वह अतिथि के साथ हरिद्वार में है और शादी कर लौटेगा।
हालांकि देर रात तक दोनों वापस नहीं आए। अगले दिन सुबह जब प्रार्थिनी ने आकाश के पिता से संपर्क किया तो उन्होंने टालमटोल किया। इसके बाद सुबह 10 बजे आकाश के पिता, मां, नानी और एक रिश्तेदार दुर्गा मल्लिक प्रार्थिनी के घर पहुंचे और धमकी दी कि अगर पुलिस में शिकायत की तो अंजाम बुरा होगा और कहा कि वे दोनों की शादी कराकर रहेंगे।
प्रार्थिनी शांति ने अपनी तहरीर में आशंका जताई है कि आरोपी आकाश ने अपनी पारिवारिक संगति में उनकी नाबालिग पुत्री का अपहरण किया है और उसके साथ मानसिक व शारीरिक शोषण की आशंका है। उन्होंने बेटी की जान को खतरा बताते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।




