शादी से इनकार पर टूटा युवक, होटल में नस काटी—रुद्रपुर में हालत नाजुक

Share the news

रुद्रपुर। शक्तिफार्म निवासी एक युवक ने कथित तौर पर प्रेम प्रसंग के चलते होटल के कमरे में अपनी कलाई की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार शक्तिफार्म क्षेत्र का रहने वाला युवक सोमवार शाम रुद्रपुर पहुंचा और इंदिरा कॉलोनी स्थित एक होटल में कमरा लिया। बताया जा रहा है कि युवक का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन युवती के परिजनों ने शादी से इनकार कर दिया। इसी बात से आहत होकर युवक नाराज अवस्था में रुद्रपुर आ गया।

होटल कर्मचारियों के मुताबिक, काफी देर तक कमरे से कोई गतिविधि न होने पर वेटर हालचाल लेने पहुंचा। दरवाजा खुलने पर कमरे के अंदर फर्श पर खून फैला देख उसके होश उड़ गए। युवक अचेत अवस्था में पड़ा था और उसकी कलाई से खून बह रहा था। कर्मचारियों ने तुरंत होटल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को आनन-फानन में रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या की कोशिश की बात सामने आ रही है। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *