रुद्रपुर। साइबर ठगों ने हल्द्वानी निवासी एक युवक को ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर भारी चूना लगा दिया। मां शक्ति विहार कटघरिया पनियाली निवासी भास्कर सिंह पुत्र खीम सिंह ने आरोप लगाया है कि अज्ञात लोगों ने Diamonddex कंपनी का प्रतिनिधि बनकर उनसे करीब 68 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। पीड़ित ने रुद्रपुर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में तहरीर दी है।
भास्कर सिंह ने बताया कि 1 नवंबर 2023 को उनके मोबाइल पर विदेशी नंबर से एक लिंक भेजा गया। लिंक खोलने पर ऑनलाइन ट्रेडिंग से पैसा चार गुना करने का लालच दिया गया। पूर्व में भी ठगी का शिकार हो चुके भास्कर सिंह पैसों की आवश्यकता के चलते इस बार भरोसा कर बैठे। इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लगातार संदेश आते रहे और उन्हें निवेश करने के लिए उकसाया गया।
शुरुआत में पांच हजार रुपये निवेश करने पर अगले ही दिन उनके खाते में दस हजार रुपये वापस आए, जिससे उनका विश्वास और गहरा हो गया। धीरे-धीरे 1 नवंबर 2023 से 26 जुलाई 2025 के बीच उन्होंने अलग-अलग खातों में कुल 68,31,230 रुपये ट्रांसफर कर दिए। लेकिन जब रकम वापस आना बंद हुई तो उन्हें समझ में आया कि उनके साथ साइबर ठगी हो चुकी है।
साइबर थाना ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।।


