टोल प्लाजा के पास हादसे में युवक की मौत, अस्पताल पहुंचते ही सोने की चेन, अंगूठी और 20 हजार नकद गायब, परिजनों ने लूट की आशंका जताई, पुलिस से जांच की मांग

Share the news

रुद्रपुर में सड़क हादसे के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कौशल्या फेस-दो निवासी 30 वर्षीय सारांश भारद्वाज, जो मूल रूप से शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला था, रुद्रपुर के एक निजी बैंक में कार्यरत था।

परिजनों के अनुसार 21 दिसंबर की सुबह मकान निर्माण कार्य शुरू होने के कारण सारांश स्कूटी से ठेकेदार को भुगतान करने निकला था। भुगतान के बाद जब वह वापस लौट रहा था, तभी टोल प्लाजा से कुछ दूरी पर उसकी स्कूटी सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही हाईवे एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार का आरोप है कि जब वे अस्पताल पहुंचे तो सारांश के गले में पहनी दो तोले की सोने की चेन, हाथ की सोने की अंगूठी और पर्स में रखे 20 हजार रुपये नकद गायब थे। परिजनों का कहना है कि वह ये सभी सामान लेकर ही घर से निकला था और हादसे के वक्त उसकी हालत बेहद नाजुक थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने लूटपाट की।

परिवार ने बताया कि सारांश की शादी महज दो माह बाद होने वाली थी। मृतक के भाई शशांक भारद्वाज ने लालपुर चौकी प्रभारी को तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *