रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र स्थित जगतपुरा में एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को शाम करीब 7:50 बजे मिली, जिसके बाद चीता पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अनिल पुत्र प्रेमचंद निवासी ग्राम काफल किरोल, मुक्तेश्वर (जिला नैनीताल) हाल निवासी रविदास मंदिर के पास, जगतपुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनिल अपने परिवार के साथ किराये के मकान में रह रहा था। घटना के समय वह घर की पहली मंजिल की छत से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल रुद्रपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मौजूद मृतक के बड़े भाई दीपक ने पुलिस को बताया कि अनिल मानसिक रूप से परेशान रहता था और उसका इलाज भी चल रहा था।
मौके पर पहुंचे उप निरीक्षक प्रकाश चंद्र ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने भी प्रथम दृष्टया इसे आत्मघाती कदम बताया है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद ही मौत के असल कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है, लेकिन युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।




