उत्तरकाशी। जिले के एक रेस्टोरेंट में तंदूरी रोटी में गंदगी फैलाने का वीडियो सामने आने के बाद शहर में हड़कंप मच गया। वीडियो वायरल होते ही स्थानीय हिंदू संगठनों के युवाओं ने गुरुवार को जिला मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन किया और बाजार की सभी दुकानें बंद करवा दीं। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और कहा कि देवभूमि में इस तरह की हरकत किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उत्तरकाशी पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर 63/2025 धारा 196(1)(B) और 274 BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया। एसपी सरिता डोभाल ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी डिजिटल या सोशल मीडिया वीडियो के आधार पर अफवाहों पर भरोसा न करें और किसी भी प्रकार की शिकायत पुलिस को तुरंत दर्ज कराएं।
बता दें कि अक्टूबर 2024 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खाने-पीने की वस्तुओं को दूषित करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार ने सभी जिलों में होटल, ढाबा और अन्य खाद्य संस्थानों में कर्मचारियों का सत्यापन, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना और रैंडम चेकिंग सुनिश्चित करने के आदेश दिए थे।
एसपी ने कहा कि यदि इस प्रकार की घटनाओं से धार्मिक, सांस्कृतिक या सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है, तो धारा 196(1)(B) और 299 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य एवं खाद्य विभाग, नगर निगम, जिला प्रशासन और स्थानीय संस्थाओं के सहयोग से जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को पूरी तरह से रोका जा सके।
इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में संतोष की भावना है, और पुलिस की सतर्कता को सराहा जा रहा है।



