रुद्रपुर। सिडकुल क्षेत्र स्थित एक कंपनी में ड्यूटी कर रहे श्रमिक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर कंपनी प्रबंधन उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जौहरी लाल (पुत्र राम भरोसे लाल), निवासी थाना मिलक गुलड़िया, रामपुर (यूपी) के रूप में हुई है। वह रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप में किराए पर रहकर फैक्ट्री में काम करता था। शुक्रवार रात रोजाना की तरह ड्यूटी पर गया था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। कंपनी अधिकारी तत्काल उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही असली वजह स्पष्ट होगी।
उधर, मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे और उन्होंने आशंका जताई कि मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। मृतक के साले सत्यवीर ने कहा कि जौहरी लाल की तबीयत पहले कभी खराब नहीं रही थी और अक्सर उसकी ड्यूटी नाइट शिफ्ट में ही लगती थी। मृतक के चार बच्चे हैं और घटना से परिवार गहरे सदमे में है।



