बच्चा चोरी के शक में महिला की पिटाई, पुलिस जांच में निकली मानसिक रूप से अस्वस्थ; बच्चों को साथ ले जाने लगी तो भड़के लोग, भीड़ से बचाकर कोतवाली ले गई पुलिस

Share the news

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के ठाकुर नगर में बच्चा चोरी के शक में लोगों ने एक महिला को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस महिला को भीड़ से बचाकर कोतवाली ले आई। जांच में महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं पाई गई, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 11 बजे ठाकुर नगर मैदान में कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान एक महिला वहां पहुंची और बच्चों को अपना बताते हुए उन्हें अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगी। यह देख बच्चों के परिजन और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और बच्चा चोरी के शक में महिला को पकड़ लिया। लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी, जिससे मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा।

किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ से छुड़ाकर कोतवाली ले आई।

एसएसआई महेश कांडपाल ने बताया कि पूछताछ के दौरान महिला अजीब तरह की बातें कर रही थी और अपनी पहचान भी स्पष्ट नहीं बता पाई। जांच में उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं पाई गई। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी होली के दिन महिला कोतवाली पहुंची थी और खुद को मां काली बताते हुए किसी “भोले” को ढूंढ रही थी। मानसिक स्थिति को देखते हुए महिला को फिलहाल छोड़ दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *