सरस मेले से लौटती महिला से गैंगरेप, देवर निकला मास्टरमाइंड; सोमवार देर रात टॉर्च की रोशनी में पुलिस ने जुटाए अहम साक्ष्य, सीसीटीवी

Share the news

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में सरस मेला देखकर लौट रही एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में नया मोड़ सामने आया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला का देवर ही इस सनसनीखेज वारदात का मुख्य आरोपी है, जिसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर साजिश रची।

जानकारी के अनुसार मेला परिसर में देवर की मुलाकात उसके परिचितों से हुई। चारों ने साथ में कार्यक्रम देखा और भोजन किया। आरोप है कि लौटते समय देवर ने ही किच्छा बाईपास से शॉर्टकट का बहाना बनाया और सुनसान स्थान की ओर ले गया, जहां पहले से तय योजना के तहत महिला को निशाना बनाया गया। विरोध करने पर महिला को तमंचे और चाकू के बल पर धमकाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सोमवार देर रात इंस्पेक्टर मनोज रतूड़ी और सीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर टॉर्च की रोशनी में साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल की घेराबंदी कर फोटोग्राफी की गई और डीएनए सैंपल सहित अन्य वैज्ञानिक प्रमाण एकत्र किए गए।

पुलिस गांधी पार्क से किच्छा बाईपास तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मुख्य आरोपी देवर सहित अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *