वर्क फ्रॉम होम के नाम पर महिला गंवा बैठी लाखों, ज्यादा पैसे कमाने का लालच बन गया आफत

Share the news

रुद्रपुर। ऑनलाइन ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। नवीनतम प्रकरण में आदर्श कालोनी निवासी एक महिला से वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर 2 लाख 51 हजार 800 रुपये की साइबर ठगी कर ली गई। पीड़िता ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं परिक्षेत्र रुद्रपुर में दर्ज कराई है। पुलिस ने मुकदमा कायम कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रूकसार फातमा पत्नी राकेश कुमार ने तहरीर दी कि 3 सितंबर को उन्होंने इंस्टाग्राम पर वर्क फ्रॉम होम का एक लिंक एक्सेस किया। इसके बाद उनके व्हाट्सएप नंबर पर संदेश आया और उन्हें टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया। प्रारंभिक चरण में छोटे-छोटे टास्क पूरे करने पर 200 से 3400 रुपये तक उनके खाते में भेजे गए, जिससे उन्हें विश्वास हो गया।

 

इसके उपरांत आरोपितों ने अधिक आय का लालच देकर उनसे 10,900 रुपये, 29,900 रुपये, 48 हजार रुपये तथा 80 हजार रुपये दो किस्तों में विभिन्न यूपीआई आईडी पर स्थानांतरित कराए। आरोपितों ने स्वयं को सेबी का प्रतिनिधि बताकर फाइनेंस विभाग के नाम पर रकम लौटाने का आश्वासन दिया, किंतु बार-बार अकाउंट फ्रीज होने का बहाना बनाकर अतिरिक्त धनराशि की मांग करते रहे।

 

पीड़िता के खाते से कुल 2.51 लाख रुपये निकलने के बाद उन्हें धोखाधड़ी का अहसास हुआ। इसके उपरांत उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर भी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *