रील के चक्कर में हथियार का प्रदर्शन, युवती और रिश्तेदार गिरफ्तार
रुद्रपुर। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह एक युवती को महंगी पड़ गई। लाइसेंसी हथियार के साथ रील बनाकर पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने युवती और उसके रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला बगवाड़ा क्षेत्र का है, जहां चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिंगवाल को सूचना मिली कि “कृषि मंडल” नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक युवती .45 बोर की ऑटोमैटिक पिस्तौल के साथ रील पोस्ट कर रही है। वीडियो में युवती पीले सूट में हाथ पर टैटू दिखाते हुए हथियार लहराती नजर आई।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रामनगर फ्लाईओवर के पास से 23 वर्षीय रिया मंडल (निवासी ट्रांजिट कैंप) और उसके रिश्तेदार सोना कुमार (निवासी दिनेशपुर) को हिरासत में लिया।
पूछताछ में रिया मंडल ने बताया कि उसने रुद्रपुर में एक शादी समारोह के दौरान शौकिया तौर पर अपने मौसेरे भाई की लाइसेंसी पिस्तौल के साथ रील बनाई थी। मामला चर्चा में आने के बाद उसने वीडियो डिलीट कर दिया था।
पुलिस ने आरोपी सोना कुमार के कब्जे से .45 बोर का मेड इन इंडिया पिस्टल और पांच कारतूस बरामद किए हैं।
दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट धारा 30 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता धारा 35(3) के तहत नोटिस भी तामील कराया गया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन या दुरुपयोग न करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




