हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र से ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जादू से नोट छापने का झांसा देकर एक परिवार से 9 लाख 30 हजार रुपये हड़प लिए गए। मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र की लाल मंदिर कॉलोनी निवासी एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मेहनत-मजदूरी और ठेली लगाकर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। दो वर्ष पहले उनके पति राधेश्याम का निधन हो गया था। आरोप है कि मेरठ के अब्दुल्लापुर निवासी गुलाम, जो पहले से घर आता-जाता था, 26 जनवरी को अपने साथ बाबू और गगन को लेकर पहुंचा। तीनों ने खुद को जादू का खेल दिखाने वाला बताते हुए दावा किया कि वे मशीन से नोट छाप सकते हैं।
आरोपियों ने नोट छापने की मशीन और कच्चा माल लाने के नाम पर महिला से रकम मांगी और लालच दिया कि तैयार नोटों में हिस्सा दिया जाएगा। झांसे में आकर महिला ने 30 जनवरी की रात जटवाड़ा पुल पर 4 लाख 30 हजार रुपये नकद सौंप दिए। अगले दिन आरोपियों ने घर आकर 3 लाख रुपये और ले लिए। इसके अलावा करीब 1 लाख 30 हजार रुपये एक यूपीआई आईडी पर ट्रांसफर कराए गए।
महिला ने बताया कि बच्चों के भविष्य की उम्मीद में उसने अपने जेवर तक बेच दिए और रिश्तेदारों से उधार लेकर रकम जुटाई। जब पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगे और फोन उठाना बंद कर दिया। ठगी का एहसास होने पर परिवार ने पुलिस में शिकायत दी।
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।




