दूधिया नगर वार्ड नंबर 13, रम्पुरा में बुधवार शाम को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक मानसिक रूप से कमजोर व लंबे समय से बीमार व्यक्ति ने ग्राइंडर मशीन से अपना गला काटकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान असगर अली (51 वर्ष), पुत्र अहमद अली निवासी दूधिया नगर वार्ड नं. 13, रम्पुरा, ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है।
पुलिस को सूचना डायल 112 चौकी रम्पुरा में तैनात कांस्टेबल जगदीश पाठक द्वारा दी गई, जिन्होंने बताया कि व्यक्ति ने अपनी बीमारी से परेशान होकर यह कदम उठाया।
सूचना पर कोतवाली रुद्रपुर प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी, उपनिरीक्षक नवीन बुधानी व चंदन बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां असगर अली का शव मृत अवस्था में मिला। परिजनों ने भी पुष्टि की कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ और लंबे समय से बीमार था।




