काशीपुर में ट्रक में दबाकर सीमा का गला, हरिद्वार में जला दी लाश — लव ट्रायंगल ने ली जान, ट्रक ने खोला राज
रुद्रपुर, संवाददाता।
उधम सिंह नगर और हरिद्वार पुलिस ने मिलकर एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है। सीमा खातून नामक महिला की हत्या उसके प्रेमी सलमान और एक महिला साथी ने मिलकर की थी। काशीपुर में ट्रक के अंदर गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र में ले जाकर डीजल डालकर जला दिया गया, ताकि पहचान छिपाई जा सके।
मामला तब उजागर हुआ जब 18 अक्टूबर को हरिद्वार के ग्राम गाजीवाली में हाईवे किनारे एक अधजली महिला का शव मिला। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण कर कई टीमों का गठन किया। जांच के दौरान करीब 400 वाहनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें एक सफेद कंटेनर ट्रक (UK18CA-4788) संदिग्ध पाया गया।
ANPR कैमरों की मदद से ट्रक का लोकेशन उधम सिंह नगर तक ट्रेस किया गया, जहाँ से सीमा खातून की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज मिली। पूछताछ में सामने आया कि 17 अक्टूबर को सीमा अपने प्रेमी सलमान के साथ उसी ट्रक में बैठी थी। पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि सीमा से उसकी पुरानी रंजिश थी, क्योंकि सीमा ने उसके बेटे को एनडीपीएस मामले में जेल भिजवाया था।
सलमान ने कबूला कि सीमा लगातार पैसों की मांग और शादी को लेकर दबाव बना रही थी। गुस्से में आकर दोनों ने मिलकर सीमा का गला दबा दिया और शव को हरिद्वार ले जाकर जला दिया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रक, डीजल की जरीकेन बरामद कर दोनों आरोपियों — सलमान (30 वर्ष) और महिला पत्नी स्व. नासिर (53 वर्ष), निवासी मझरा लक्ष्मीपुर, काशीपुर — को गिरफ्तार कर लिया है।
हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई और ट्रक की तकनीकी ट्रैकिंग से लव ट्रायंगल मर्डर मिस्ट्री का पर्दाफाश हो गया।



