रुद्रपुर, संवाददाता
रुद्रपुर बिलासपुर रिंग रोड पर एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल बेटे का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार अपनी बेटी को छोड़कर वापस घर को आ रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, 61 वर्षीय नारायण दास निवासी सुभाष कॉलोनी वार्ड नंबर 27 गुरुवार दोपहर को अपनी बेटी को छोड़ने के लिए रामपुर गए हुए थे। देर रात वह अपने बेटे के साथ बाइक पर वापस घर को आ रहे थे। जैसे ही वह रुद्रपुर- बिलासपुर रिंग रोड के पास पहुंचे। तभी तेज रफ्तार से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि बस उनके पैरों को कुचलते हुए फरार हो गई। वहीं बेटा भी घायल हो गया। दोनों घायलों को राहगीरों ने जिला अस्पताल पहुंचाया और अस्पताल पहुंची पुलिस ने घायल बेटे से परिजनों का नंबर लेकर घटना की जानकारी दी। बुर्जुग की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि मामला रूद्र बिलासपुर चौकी क्षेत्र का है। फिलहाल मृतक के शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है।



