यमुनानगर | संवाददाता
तेज रफ्तार डंपर ने उजाड़ा पूरा परिवार, उत्तराखंड निवासी दंपत्ति व मासूम बेटे की मौत
7 माह की गर्भवती महिला की भी गई जान, चालक फरार
हरियाणा के यमुनानगर में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें उत्तराखंड निवासी एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पुराना सहारनपुर मार्ग पर पांसरा रेलवे क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपत्ति और उनके चार साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक महिला सात माह की गर्भवती थी। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
उत्तराखंड लौट रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान सचिन (29 वर्ष), उनकी पत्नी नेहा (27 वर्ष) और चार वर्षीय बेटे नोनू के रूप में हुई है। तीनों उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के गांव झबरेड़ा के निवासी थे। सचिन पिछले कुछ समय से यमुनानगर के चिट्टा मंदिर क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर मीना मार्केट में कपड़ों की दुकान पर काम करता था। सोमवार को वह पत्नी और बेटे के साथ बाइक से अपने घर उत्तराखंड लौट रहा था।
टक्कर इतनी जबरदस्त, सड़क पर गिरे तीनों
जैसे ही परिवार पांसरा रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
सात माह की गर्भवती थी नेहा
मृतक सचिन के भाई रोहित ने बताया कि उन्हें हादसे की सूचना उस दुकानदार से मिली, जहां सचिन काम करता था। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें पता चला कि सचिन, उनकी पत्नी नेहा और बेटे नोनू की मौत हो चुकी है। रोहित ने बताया कि नेहा सात माह की गर्भवती थी। सचिन की एक छह वर्षीय बेटी भी है, जो उत्तराखंड में अपनी दादी के पास रहती है।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है।
फरार डंपर चालक की तलाश
सदर थाना प्रभारी सलिंद्र कुमार ने बताया कि पांसरा रेलवे क्रॉसिंग के पास डंपर की टक्कर से बाइक सवार परिवार की मौत की सूचना मिली थी। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी डंपर चालक मौके से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस फरार चालक को पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है।



