उधम सिंह नगर के सितारगंज में तेज रफ्तार ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शादी वाले घर में मातम पसर गया, जब डंपर की टक्कर से 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीलीभीत के गांव मैदना, न्यूरिया निवासी अमर सिंह अपने 14 वर्षीय चचेरे भाई गौतम सिंह के साथ बाइक से हल्द्वानी मंडी गया था। बुधवार को लौटते समय गांव सिसौना, कल्याणपुर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को उप जिला अस्पताल, सितारगंज में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने अमर सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि गौतम की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
परिजनों ने बताया कि अमर सिंह सिडकुल, रुद्रपुर की एक कंपनी में कार्यरत था और अविवाहित था। 23 फरवरी को उसके बड़े भाई राहुल सिंह की शादी होनी है। घर में बारात की तैयारियां चल रही थीं, मेहमान पहुंच चुके थे और शादी की खरीदारी के सिलसिले में ही अमर हल्द्वानी गया था। लेकिन घर लौटते समय हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है। डंपर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



