तेज रफ्तार कार ने धूप सेक रही बुजुर्ग महिला को कुचला, हादसे का वीडियो वायरल, चालक की पड़ोसियों ने की पिटाई, कार जब्त, किच्छा पुलिस ने दर्ज की FIR

Share the news

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में तेज रफ्तार का कहर सामने आया है। किच्छा क्षेत्र में एक बेकाबू कार ने घर के बाहर धूप सेक रही बुजुर्ग महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। इस दर्दनाक घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

 

करीब डेढ़ मिनट के वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बुजुर्ग महिला कुर्सी पर बैठकर धूप सेंक रही थी। महज आठ सेकेंड बाद दाईं ओर से तेज रफ्तार में आई सफेद रंग की कार महिला को टक्कर मारते हुए कुचल देती है। कार के बाईं तरफ के दोनों टायर महिला के ऊपर चढ़ जाते हैं और कार आगे बढ़ जाती है।

 

हादसे के तुरंत बाद कार से एक युवक नीचे उतरता है। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच जाते हैं और गुस्साए पड़ोसी युवक की पिटाई कर देते हैं। इसके बाद घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

 

किच्छा पुलिस के अनुसार यह हादसा शनिवार 13 दिसंबर को सुबह करीब 11 बजे लालपुर स्थित मन्नत गार्डन कॉलोनी में हुआ। घायल महिला की पहचान सावित्री देवी के रूप में हुई है। पीड़िता के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

 

पुलिस ने हादसे में शामिल कार नंबर UK 06 Q 1666 को जब्त कर लिया है। किच्छा कोतवाली प्रभारी दानू ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। फिलहाल घायल महिला का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *