रुद्रपुर।
तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे वाहन ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्प्लिंट ऐश कॉलोनी शिमला पिस्तौर निवासी भानु प्रकाश ने कोतवाली रुद्रपुर में दी तहरीर में बताया कि 21 दिसंबर 2025 की शाम करीब 7:50 बजे वह चंदोला हॉस्पिटल के दूसरी रोड पर स्थित एक ढाबे पर खाना खा रहे थे। इसी दौरान उनका पुत्र जतिन शर्मा चंदोला हॉस्पिटल के सामने सड़क पार कर अपने ढाबे की ओर जा रहा था। तभी तेज गति और अनियंत्रित अवस्था में आ रहे कैंटर वाहन संख्या यूपी 14 एसटी 2770 ने सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जतिन शर्मा दूर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल गौतम हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे राममूर्ति हॉस्पिटल रेफर किया गया। वहां दो दिन इलाज के बाद युवक को मेडिसिटी हॉस्पिटल रुद्रपुर भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पीड़ित पिता ने हादसे के लिए कैंटर चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन व चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


