तमिलनाडु के मदुरै जिले से एक बेहद दर्दनाक और चेतावनी देने वाला मामला सामने आया है। यहां मंगलवार को फर्स्ट ईयर में पढ़ने वाली एक कॉलेज छात्रा की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छात्रा ने वजन घटाने के लिए सोशल मीडिया पर देखे गए एक नुस्खे को अपनाया था, जिसके तहत उसने एक केमिकल का सेवन कर लिया।
मृतका की पहचान कलैयारसी के रूप में हुई है, जो नारिमेडु स्थित एक निजी कॉलेज में प्रथम वर्ष की छात्रा थी और सेल्लूर इलाके के मीनांबलपुरम की रहने वाली थी। पुलिस के अनुसार, कलैयारसी अपने बढ़ते वजन को लेकर काफी परेशान रहती थी और कई बार अपने माता-पिता वेलमुरुगन और विजयलक्ष्मी से वजन कम करने की बात करती थी। हालांकि, माता-पिता का कहना था कि उन्हें बेटी के वजन को लेकर कोई खास चिंता नहीं थी और वे उसे समझाते थे कि समय के साथ वजन सामान्य हो जाएगा।
पुलिस जांच में सामने आया है कि 16 जनवरी को कलैयारसी ने सोशल मीडिया पर ‘बोरेक्स फॉर वेट लॉस’ नाम का एक वीडियो देखा। इसके बाद उसने एक पारंपरिक दवा की दुकान से बोरेक्स, जिसे स्थानीय भाषा में वेंगरम कहा जाता है, खरीद लिया। वीडियो में बताए गए तरीके के अनुसार उसने बोरेक्स का सेवन कर लिया।
केमिकल खाने के कुछ ही समय बाद कलैयारसी की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। घबराई मां उसे म्यूनिकलाई स्थित एक निजी अस्पताल लेकर गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वे घर लौट आए। लेकिन घर आने के बाद कलैयारसी को पेट में तेज दर्द और शौच के दौरान खून आने की शिकायत होने लगी।
परिवार वालों ने हालत गंभीर देख रात करीब 11 बजे उसे मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद छात्रा का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
घटना के बाद सेल्लूर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतका के पिता वेलमुरुगन ने बताया कि उन्होंने बेटी को बोरेक्स का सेवन न करने की सलाह दी थी, लेकिन उसने यूट्यूब पर दिखाए गए नुस्खे को अपनाया, जो जानलेवा साबित हुआ।
डॉक्टरों का कहना है कि छात्रा की मौत अस्पताल लाने से पहले ही हो चुकी थी। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे अनवैज्ञानिक और खतरनाक नुस्खों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि शरीर या स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए डॉक्टर से सलाह लेना बेहद जरूरी है, न कि इंटरनेट पर दिखाए गए उपायों को आंख मूंदकर अपनाना।



