रुद्रपुर। शहर के भूत बंगले के पास रामलीला ग्राउंड में आयोजित एक शादी समारोह में बुधवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब स्टेज पर जाकर एक युवक ने दुल्हन के साथ सेल्फी खींच ली। बस फिर क्या था — दूल्हा भड़क गया और मंडप में जमकर हंगामा हो गया। देखते ही देखते शादी की खुशियां हंगामे में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार, शादी समारोह में शामिल दुल्हन का भाई अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। परिवार ने कहा कि फेरे भाई के लौटने के बाद ही होंगे, लेकिन दूल्हा अपनी जिद पर अड़ा रहा कि शादी अभी होगी। इसी बीच कमल नाम के युवक ने दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की, तो दूल्हे पक्ष के लोगों ने उस पर हमला कर दिया।
कमल ने बताया कि वह खटीमा से काम खत्म कर शादी में शामिल होने आया था। विवाद बढ़ने पर उसने समझाने की कोशिश की, लेकिन दूल्हे के भाइयों और रिश्तेदारों ने उस पर डंडों से हमला कर दिया। उसकी आंख और चेहरा घायल हो गया। कमल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रुद्रपुर में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलने पर सीओ प्रशांत कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाया। उन्होंने शांति बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया। देर रात पुलिस की मौजूदगी में शादी के फेरे शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराए गए।
फिलहाल पुलिस ने दूल्हे पक्ष पर हमला करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल कमल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।




