रुद्रपुर।
शेयर बाजार में भारी मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगों ने काशीपुर निवासी एक व्यक्ति से अट्ठाईस लाख पचासी हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस थाना रुद्रपुर में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
काशीपुर के ओझान मोहल्ला निवासी एकान्त जैन पुत्र स्वर्गीय रजत कुमार जैन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दस–ग्यारह दिसंबर 2025 को फेसबुक देखते समय उन्हें शेयर बाजार से जुड़ा एक प्रचार वीडियो दिखाई दिया। वीडियो में दिए गए लिंक पर क्लिक करने पर वह एक व्हाट्सएप समूह “एडवेंट-एफ 777 स्ट्रेटेजी डायलॉग समिट” से जुड़ गए। इस समूह में कई मोबाइल नंबर प्रशासक के रूप में जुड़े थे, जो रोजाना शेयर बाजार, आईपीओ और निवेश से जुड़ी जानकारियां साझा करते थे।
ग्रुप में जुड़े अन्य सदस्य भी निवेश पर लाभ मिलने की बातें कर रहे थे, जिससे प्रभावित होकर पीड़ित ने निवेश करने का निर्णय लिया। कुछ दिनों बाद समूह के प्रशासकों ने एक ट्रेडिंग एप डाउनलोड करने को कहा, जो प्ले स्टोर पर उपलब्ध बताई गई। भरोसा होने पर पीड़ित ने निवेश शुरू किया।
पीड़ित ने सबसे पहले दस दिसंबर 2025 को अपने बैंक ऑफ इंडिया खाते से पचास हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से भेजे। इसके बाद आरोपियों के बताए अनुसार अलग-अलग तिथियों में विभिन्न यूपीआई आईडी और बैंक खातों में धनराशि स्थानांतरित करता गया। दस दिसंबर 2025 से तेरह जनवरी 2026 के बीच पीड़ित ने कुल अट्ठाईस लाख पचासी हजार रुपये जमा कर दिए।
जब पीड़ित ने अपनी धनराशि निकालने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने लेन-देन रोक दिया और बहाने बनाने लगे। इसके बाद उससे और पैसे की मांग की जाने लगी। तभी पीड़ित को अपने साथ धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ।
पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है। साइबर क्राइम पुलिस का कहना है कि मामला सुनियोजित ऑनलाइन धोखाधड़ी का है। तहरीर के आधार पर अभियोग दर्ज कर लिया गया है और बैंक खातों, मोबाइल नंबरों व डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।



