ट्रांजिट कैम्प वार्ड तीन निवासी 70 वर्षीय मनोरंजन सरकार पुत्र स्व. राजेन्द्र सरकार धार्मिक आयोजनों में पूजा-पाठ का कार्य किया करते थे। रविवार की सुबह वे किसी काम से दोपहिया वाहन से दिनेशपुर गए थे। लौटते समय उन्होंने ग्राम जफरपुर के पास सड़क किनारे वाहन खड़ा किया और सामान लेने के लिए सड़क पार करने लगे। इसी दौरान गदरपुर की ओर से तेज गति से आ रही कार (संख्या यूपी 21 सीडी 6830) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वे उछलकर दूर डिवाइडर से टकरा गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर 108 एम्बुलेंस के माध्यम से घायल को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी परिजनों को मिली तो वे अस्पताल पहुंचे और वहां कोहराम मच गया। मृतक मनोरंजन सरकार के चार विवाहित पुत्र और एक विवाहित पुत्री हैं।
इधर, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और परिजनों को सांत्वना देते हुए घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।