रुद्रपुर। आवास विकास कॉलोनी के वार्ड नंबर–27 स्थित एक पार्क को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बच्चों के क्रिकेट खेलने को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब शहर में चर्चा का विषय बन गया है। पार्क के जिस हिस्से में बच्चे रोजाना खेलते थे, वहां गड्ढे खोदकर पौधे लगाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कॉलोनी के बच्चे लंबे समय से इस पार्क में टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलते थे। खेल के दौरान कई बार गेंद पास के घरों में चली जाती थी, जिसको लेकर आसपास के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। इसी को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि कुछ लोगों ने पार्क के उस हिस्से को ही खोदकर गड्ढे कर दिए, जहां बच्चे खेलते थे। इसके बाद वहां फूलों के पौधे और छोटे पेड़ लगा दिए गए, जिससे मैदान जैसा हिस्सा पूरी तरह खत्म हो गया और बच्चों का खेलना मुश्किल हो गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगीं। वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री सोफिया नाज मौके पर पहुंचीं और पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि बच्चों के खेलने की जगह खत्म करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उधर मामले का संज्ञान लेते हुए मेयर विकास शर्मा ने नगर आयुक्त शिप्रा जोशी को मौके पर भेजकर जांच कराने के निर्देश दिए हैं। महापौर का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्क को इस तरह विकसित किया जाएगा, जिससे बच्चे खेल सकें और स्थानीय लोग भी उसका उपयोग कर सकें।




