रूद्रपुर। जनपद उधम सिंह नगर में मजदूरी के नाम पर नाबालिग से जबरन काम कराने और आधार कार्ड में फर्जीवाड़े का गंभीर मामला सामने आया है। बिहार के कटिहार जिले के बागमारा निवासी नीरज कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित नीरज कुमार का आरोप है कि करीब तीन माह पूर्व उसकी मुलाकात अमर यादव से हुई थी, जिसने उसे उत्तराखंड घुमाने और कुछ दिनों में वापस घर छोड़ने का भरोसा दिया। इसी बहाने अमर यादव उसे रूद्रपुर ले आया और बाद में बुद्धन तथा विक्की राजपूत के पास छोड़कर स्वयं चला गया। आरोप है कि इसके बाद बुद्धन और विक्की ने नीरज को किच्छा क्षेत्र में बन रहे एम्स अस्पताल में जबरन मजदूरी करने के लिए मजबूर किया।
नीरज का कहना है कि उसकी उम्र काम करने योग्य नहीं थी, इसके बावजूद उसके आधार कार्ड में फर्जी तरीके से जन्मतिथि बदलकर उसे काम पर लगा दिया गया। तीन माह बीत जाने के बाद भी न तो अमर यादव वापस आया और न ही मजदूरी के पैसे दिए गए। जब पीड़ित ने घर जाने की बात कही तो उसे टाल दिया गया।
पीड़ित ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मजदूरी की राशि दिलाने और न्याय की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटने की बात कह रही है।




