अटरिया मंदिर में आधी रात धावा, दानपात्र तोड़ 90 हजार उड़ाए; CCTV में कैद वारदात, नदी किनारे मिला खाली बक्सा, श्रद्धालुओं में उबाल, पुलिस जांच तेज, जल्द खुलासे का दावा

Share the news

रुद्रपुर। बुधवार की देर रात्रि अज्ञात चोरों ने सिडकुल क्षेत्र स्थित अटरिया मंदिर को निशाना बनाते हुए नगदी से भरा एक दानपात्र चोरी कर लिया। घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। गुरुवार प्रातः जब पुजारी को दानपात्र गायब होने की जानकारी मिली तो उन्होंने तत्काल सिडकुल चौकी पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी क्राइम उत्तम सिंह नंगी सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान मंदिर से कुछ दूरी पर कल्याणी नदी किनारे चोरी किया गया खाली दानपात्र तथा चोरों द्वारा मुंह पर बांधा गया कपड़ा बरामद हुआ। दानपात्र में रखी पूरी नगदी गायब थी।

फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। मंदिर कमेटी के सचिव अरविंद शर्मा ने बताया कि मंदिर में रखे पांच दानपात्रों में करीब 80 से 90 हजार रुपये की नगदी होने का अनुमान है। घटना की जानकारी मिलते ही श्रद्धालुओं में रोष फैल गया और मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और शीघ्र ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *