रुद्रपुर, संवाददाता
ट्रांजिट कैंप में अधेड़ की मौत मामले ने नया मोड़ ले लिया है। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप के बाद अधेड़ ने आत्महत्या की थी। पुलिस जांच में हुए खुलासे से हर कोई अचंभित है। मां की तहरीर के बाद पुलिस ने अधेड़ पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। बुधवार शाम का है, जब ट्रांजिट कैंप थाने के रविन्द्रनगर में 70 वर्षीय जसवीर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस के मुताबिक, रुद्रपुर निवासी एक महिला ने ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि रविन्द्रनगर में उसके रिश्तेदार रहते हैं। अपने काम में अक्सर व्यस्त रहने के कारण वह अपनी 10 वर्षीय बेटी को रिश्तेदारों के वहां छोड़ देती थी। महिला का आरोप था कि बुधवार को उनकी बेटी ने बताया कि उनके रिश्तेदार 70 वर्षीय जसवीर ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। जब वह उनके घर पहुंची तो उसके रिश्तेदारों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और घर से निकाल दिया। महिला कार्रवाई की मांग को लेकर ट्रांजिट थाने पहुंच गई। उधर, पुलिस को सूचना मिली की जसवीर ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतक के कमरे से कोई सुसाइड नोट भी पुलिस को नहीं मिला था। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि जांच में पुष्टि हुई है कि मृतक ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया था। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। अंदेशा जताया जा रहा है कि अधेड़ ने शर्मिंदगी के चलते आत्महत्या की थी।




